Site icon desh 24×7

केस वापस नहीं लिया तो बम से उड़ा देंगे’, श्रीकृष्ण जन्मभूमि मथुरा-शाही ईदगाह विवाद के मुख्य पक्षकार को म‍िली धमकी; FIR दर्ज

कौशांबी। श्रीकृष्ण जन्मभूमि मथुरा-शाही ईदगाह विवाद के मुख्य पक्षकार को मोबाइल पर धमकी भरा कॉल आया है। धमकी देने वाले शख्स ने खुद को आतंकी संगठन का एजेंट बताते हुए मुख्य पक्षकार आशुतोष पांडेय को धमकी देते हुए कहा कि अगर तीन दिन में केस वापस नहीं लिया तो तुम्हें बम से उड़ा देंगे।धमकी देने वाले ने देश विरोधी नारे और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर भी अभद्र टिप्पणी की है। उनके मोबाइल फोन पर धमकी भरी कॉल उस समय आई, जब वह मंगलवार की देर रात इलाहाबाद हाईकोर्ट पैरवी के लिए जा रहे थे। जैसे ही वह कौशांबी जिले के सैनी कोतवाली क्षेत्र में पहुंचे उन्हें फोन पर धमकी मिली। धमकी देने वाले ने खुद को पीएफआई संगठन का एजेंट बताया है।
सैनी थाने में इस मामले को लेकर एफआईआर दर्ज कर ली गई है। पुलिस ने धमकी देने वाले के खिलाफ आईपीसी की धारा 504, 507 के अंतर्गत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। क्षेत्राधिकारी सिराथू अवधेश कुमार विश्वकर्मा ने बताया कि बीती रात 12:10 बजे आशुतोष पांडेय द्वारा सैनी थाने में धमकी दिए जाने के संबंध में तहरीर दी गई है। मामले में केस दर्ज कर मोबाइल नंबर को ट्रेस किया जा रहा है।

Exit mobile version